



नवगछिया । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शुक्रवार को गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नवगछिया प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया ऋतुराज प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।

यह डिस्पैच सेंटर इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय, नवगछिया परिसर में बनाया गया है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वाहन पार्किंग स्थल, डिस्पैच काउंटर तथा वीवीपैट एवं ईवीएम के रखरखाव हेतु चिन्हित कमरों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. चौधरी ने अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया को निर्देश दिया कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, डिस्पैच सेंटर पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं कर्मियों की समुचित तैनाती पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता से निभानी होगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
















