



भागलपुर में मामूली विवाद के कारण दो पक्षों के बीच चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना मोजाहिदपुर थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर, मियां साहब मैदान में हुई। घायल युवकों की पहचान मोहम्मद खुर्शीद के पुत्र मोहम्मद गुलचा (32) और मोहम्मद फरहान के रूप में हुई है।

घटना के बाद दोनों घायलों को उनके परिजनों ने मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद गुलचा मियां साहब मैदान में सोए हुए थे। इसी दौरान मोहम्मद नक्की अपने दुकान को खोलने के लिए आया और किसी बात को लेकर मोहम्मद गुलचा से विवाद हो गया।

जब कहासुनी बढ़ी, तो मोहम्मद नक्की कुरैशी ने गुलचा पर चार बार चाकू से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे गुलचा के भाई मोहम्मद फरहान पर भी हमला किया गया, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
घायल मोहम्मद फरहान ने बताया कि सुबह उनके भाई मैदान में सोए हुए थे और किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जब वे दुकान खोलने के लिए पहुंचे, तो उन्होंने पूछा कि विवाद क्यों कर रहे हैं, जिसके बाद मोहम्मद नक्की ने चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। उनके भाई पर चार बार और खुद पर दो बार चाकू से हमला किया गया। फिलहाल, दोनों का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है।














