



भागलपुर। अंग क्षेत्र के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अजय कुमार सिंह को लंदन स्थित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित 14वां वर्ल्ड लीडर्स समिट 2025 में “बेस्ट कम्युनिटी इंपैक्ट अवार्ड” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ऑक्सफोर्ड के मेयर लुईस अप्टन ने उन्हें मोमेंटो, मेडल और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का पिन प्रदान कर सम्मानित किया।

यह आयोजन 31 अगस्त 2025 को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के केबले कॉलेज स्थित ओ’रियली हॉल में हुआ, जिसमें 30 देशों के सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में साहित्य, चिकित्सा, विज्ञान और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 100 लोगों को चयनित किया गया।
डॉ अजय सिंह अंग क्षेत्र में न सिर्फ एक कुशल शिशु रोग विशेषज्ञ के रूप में जाने जाते हैं बल्कि समाज सेवा में भी निरंतर सक्रिय रहते हैं। वे जीवन जागृति सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भागलपुर जिला शतरंज संघ और इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अध्यक्ष हैं। साथ ही इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, भागलपुर शाखा के उपाध्यक्ष भी हैं। इसके अतिरिक्त वे इग्नू से समाज सेवा में स्नातकोत्तर की पढ़ाई भी कर रहे हैं।

डॉ सिंह ने अपने कार्यों के संबंध में बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में बचाव एवं मदद, जल में डूबने से बचाव, आगलगी से निपटने के उपाय, सर्पदंश में अंधविश्वास छोड़कर आधुनिक इलाज की ओर प्रेरित करना, महिलाओं में कैंसर की समय पर पहचान, हार्ट अटैक और दुर्घटनाओं के बाद सीपीआर तकनीक सिखाने जैसे विषयों पर उनकी सोसायटी लगातार काम करती रही है। इन्हीं प्रयासों की वजह से उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ।
डॉ सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय वे अपने परिवार, खासकर पत्नी शिखा सिंह, जीवन जागृति सोसायटी के सदस्यों और अंग क्षेत्र की जनता को देते हैं। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग और विश्वास के बिना यह संभव नहीं था।
सम्मान समारोह में मेयर लुईस अप्टन ने कहा कि जागरूकता ही बदलाव का सबसे बड़ा साधन है। उन्होंने बिहार जैसे राज्य से डॉ सिंह के यहां तक पहुंचने पर खुशी जाहिर की और इसे प्रेरणादायक बताया।














