



भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हो रहे हैं। इसी क्रम में मालदा डिविजन के डीआरएम मनीष कुमार मंगलवार को भागलपुर जंक्शन पहुंचे और स्टेशन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम मनीष कुमार ने कहा कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए भागलपुर जंक्शन से दिल्ली, पुणे समेत कई बड़े शहरों के लिए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा और सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

डीआरएम ने यह भी कहा कि दिल्ली के लाल किले में हाल ही में हुए हमले के बाद सभी जंक्शन और स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की सघन जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखने पर तुरंत रेलवे अधिकारियों या सुरक्षा बलों को सूचना दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं।

















