
ऊर्जा विभाग ने जारी किए निर्देश, जर्जर तार बदले जा रहे; आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
पटना। दुर्गापूजा के दौरान बिहारवासियों को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए ऊर्जा विभाग ने व्यापक तैयारियाँ की हैं। नवरात्र और दुर्गापूजा के दौरान पूजा पंडालों, मेला क्षेत्रों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विद्युत सर्किलों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को त्योहार के दौरान सुरक्षित वातावरण में बिजली उपलब्ध हो तथा विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

जर्जर तारों को बदलने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
राज्य के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दुर्गापूजा के दौरान विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम समय पर पूरे किए जाएँ। इसके तहत जर्जर विद्युत तारों को बदलने का कार्य किया जा रहा है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में 11 केवी की बेयर कंडक्टर लाइनों में आवश्यकतानुसार कवर्ड कंडक्टर और गार्ड वायर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा, एलटी के नंगे तारों को एबी केबल में बदलने तथा वितरण ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग का काम भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। इन उपायों का उद्देश्य विद्युत तारों के संपर्क में आने से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
24 घंटे सक्रिय रहेगा नियंत्रण कक्ष
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और किसी भी विद्युत दुर्घटना की आशंका को न्यूनतम करने के लिए मुख्यालय स्तर पर 24 घंटे नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा आने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। विद्युत व्यवस्था की निगरानी और समस्याओं के शीघ्र समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि पूजा पंडालों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को परेशानी न हो।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी रहेगी विशेष तैयारी
ऊर्जा विभाग ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियाँ की हैं। किसी स्थान पर ट्रांसफार्मर खराब होने या बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में शीघ्र कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय स्तर पर पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर, विद्युत सामग्री, उपकरण और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने का निर्देश
ऊर्जा विभाग की ओर से सभी विद्युत अधिकारियों और कर्मचारियों को दुर्गापूजा के दौरान पूरी तत्परता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा गया है। पूजा पंडालों, मेला क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है।
विभाग का कहना है कि सुरक्षित बिजली आपूर्ति और बेहतर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन तैयारियों का उद्देश्य है कि बिहारवासी दुर्गापूजा का त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मना सकें।















