


नवगछिया। फ्लिपकार्ट के एक फ्रेंचाइजी संचालक ने डिलीवरी बॉय पर करीब ₹9.77 लाख मूल्य के सामान की कथित हेराफेरी का आरोप लगाते हुए परबत्ता थाना में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में परबत्ता थाना ने जीरो एफआईआर संख्या-01/26 दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए कटिहार जिले के कुर्सेला थाना को भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नाथनगर थाना क्षेत्र के किशनपुर अमखोरिया निवासी एवं फ्लिपकार्ट फ्रेंचाइजी संचालक आशीष कुमार ने अपने आवेदन में बताया है कि परबत्ता थाना क्षेत्र के सागरा चौक स्थित उनके फ्लिपकार्ट गोदाम में करीब दो माह पूर्व आमिर दास नामक युवक को डिलीवरी बॉय के रूप में नियुक्त किया गया था। नियुक्ति के दौरान उसने आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जमा किए थे।
आवेदन के अनुसार 20 जुलाई 2026 को डिलीवरी बॉय महिंद्रा पिकअप वाहन से कुर्सेला एवं आसपास के क्षेत्रों में सामान की डिलीवरी के लिए निकला था। आरोप है कि दिनभर डिलीवरी करने के बाद वह रात में बीच रास्ते वाहन से उतर गया और गोदाम वापस नहीं लौटा। उसके पास करीब ₹9,77,794 मूल्य के सामान का हिसाब था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब डिलीवरी बॉय द्वारा दिए गए पते का सत्यापन कराया गया तो वहां आमिर दास नाम का कोई व्यक्ति नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। बाद में फ्लिपकार्ट के बिहार ग्रुप से मिली जानकारी में पता चला कि आरोपी का वास्तविक नाम कुंदन मेहता है, जो मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
आशीष कुमार ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि कुर्सेला स्थित पवनपुत्र इंटरप्राइजेज एंड सृष्टि होम्योक्लिनिक के संचालक सुमन कुमार की मिलीभगत से फर्जी तरीके से सामान की डिलीवरी दर्शाकर हेराफेरी की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
इस संबंध में परबत्ता थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को अग्रेतर कार्रवाई के लिए कुर्सेला थाना भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
















