0
(0)

प्रियांशु राज और अर्णव राज ने 36-36 अंक हासिल कर किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, दोनों संस्थानों के 21 विद्यार्थियों ने प्राप्त किए 20 या उससे अधिक अंक

पूर्णिया। इंडियन ओलंपियाड क्वालीफायर इन मैथमेटिक्स (आईओक्यूएम) 2026 में विद्या विहार समूह के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का मान बढ़ाया है। विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल और विद्या विहार करियर प्लस के चार विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित रीजनल मैथमेटिकल ओलंपियाड (आरएमओ) 2026 के लिए अर्हता प्राप्त की है। वहीं, दोनों संस्थानों के कुल 21 विद्यार्थियों ने 20 या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि से संस्थान में उत्साह का माहौल है।

चार विद्यार्थियों ने आरएमओ के लिए प्राप्त की अर्हता

आईओक्यूएम 2026 में विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल के प्रियांशु राज और अर्णव राज ने 36-36 अंक प्राप्त किए। वहीं, विद्या विहार करियर प्लस के जय राज और यश कुमार जैन ने 32-32 अंक हासिल किए। इन चारों विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर रीजनल मैथमेटिकल ओलंपियाड के लिए अर्हता प्राप्त की है।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

विशेष रूप से प्रियांशु राज और अर्णव राज का 36-36 अंक हासिल करना संस्थान के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है। वहीं, जय राज और यश कुमार जैन ने भी 32-32 अंक प्राप्त कर अपनी गणितीय प्रतिभा का परिचय दिया।

दोनों संस्थानों के 21 विद्यार्थियों ने हासिल किए 20 या अधिक अंक

विद्या विहार करियर प्लस के विद्यार्थियों ने भी प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया। यहां से जय राज और यश कुमार जैन ने 32-32 अंक, सुशांत शेखर ने 30 अंक, वैष्णवी झा ने 28 अंक, सृष्टि ने 23 अंक, आर्यन कुमार ने 22 अंक, कृतिका राज ने 21 अंक तथा पिहू ने 20 अंक प्राप्त किए।

इसी प्रकार, विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल के प्रियांशु राज और अर्णव राज ने 36-36 अंक, सत्या प्रकाश ने 29 अंक, अर्णव रंजन और सोमित ठाकुर ने 25-25 अंक हासिल किए। ऋषि शेखर, आर्यन कश्यप और आकाश केशव ने 24-24 अंक प्राप्त किए। अक्षय आरव और अभिषेक आनंद ने 23-23 अंक, प्रज्ञाश्री मिश्रा ने 22 अंक, रितिक राज ने 21 अंक तथा सौम्या भारती ने 20 अंक हासिल किए।

इस प्रकार दोनों संस्थानों के कुल 21 विद्यार्थियों ने 20 या उससे अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। यह प्रदर्शन विद्यार्थियों की मेहनत, नियमित अभ्यास और गणितीय अवधारणाओं की बेहतर समझ को दर्शाता है।

गणितीय प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है ओलंपियाड

इंडियन ओलंपियाड क्वालीफायर इन मैथमेटिक्स भारत में गणितीय ओलंपियाड की चयन प्रक्रिया का प्रारंभिक चरण है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की गणितीय समझ, तार्किक क्षमता, रचनात्मक चिंतन और जटिल समस्याओं को हल करने की योग्यता का आकलन किया जाता है।

इस चरण में सफल विद्यार्थी रीजनल मैथमेटिकल ओलंपियाड में भाग लेने का अवसर प्राप्त करते हैं। आरएमओ राष्ट्रीय गणितीय ओलंपियाड की चयन प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को पारंपरिक पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर गणितीय सिद्धांतों को गहराई से समझने और नए तरीके से समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रेरित करती हैं।

गणित में मौलिक चिंतन विकसित करना हमारा उद्देश्य : राजेश चंद्र मिश्रा

विद्या विहार समूह के सचिव अभियंता राजेश चंद्र मिश्रा ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में चार विद्यार्थियों का आरएमओ के लिए चयन पूरे विद्या विहार परिवार के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि गणित की वास्तविक शिक्षा केवल सूत्रों को याद करने और प्रश्नों के उत्तर निकालने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों में स्वतंत्र चिंतन, तार्किक विश्लेषण, प्रश्न पूछने और समस्याओं के नए समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना अधिक महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर अपनी बौद्धिक क्षमता पहचानने और विकसित करने का अवसर देती हैं। विद्या विहार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन, चुनौतीपूर्ण शैक्षणिक वातावरण और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

मजबूत बुनियाद और नियमित अभ्यास से मिलती है सफलता : प्रशांत शंकर

विद्या विहार करियर प्लस के निदेशक अभियंता प्रशांत शंकर ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, गणितीय अवधारणाओं की गहरी समझ और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि गणितीय ओलंपियाड की तैयारी सामान्य परीक्षाओं से अलग होती है। इसमें विद्यार्थियों को समस्याओं के पीछे छिपे गणितीय सिद्धांतों को समझना पड़ता है और समाधान के नए तरीके विकसित करने होते हैं। उन्होंने आरएमओ के लिए चयनित विद्यार्थियों को आगामी चरण की तैयारी पूरी एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ करने के लिए प्रेरित किया।

अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उपलब्धि

विद्या विहार करियर प्लस के जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष झा ने कहा कि चार विद्यार्थियों का आरएमओ के लिए चयन और दोनों संस्थानों के 21 विद्यार्थियों का 20 या उससे अधिक अंक प्राप्त करना गणितीय शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के क्षेत्र में उत्साहजनक उपलब्धि है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करेगी।

विद्या विहार प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि चयनित विद्यार्थी आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूर्णिया और बिहार का गौरव बढ़ाएंगे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: