


नवगछिया:
झंडापुर थाना क्षेत्र के शेख टोला निवासी 37 वर्षीय मोहम्मद साबिर की गुरुवार सुबह बगरी पुल के समीप खेत में करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार, घटनास्थल पर करीब 15 दिनों से 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटकर खेत में गिरा हुआ था। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को दी थी, लेकिन न तो तार हटाया गया और न ही बिजली आपूर्ति बंद की गई। गुरुवार सुबह मोहम्मद साबिर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे गिरे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी रुखसाना खातून, चार बेटे और एक बेटी हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बिजली विभाग की कथित लापरवाही को घटना का कारण बताते हुए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई एवं सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।















