


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के धरहरा 14 नंबर सड़क पर बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 1. चंदन कुमार पिता – सीताराम भगत, 2. मो. बिगरु पिता – मो० इस्लाम 3. मो. करकु पिता – मुस्तकीन के रूप में हुई है। तीनों पंचगछिया के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे में चंदन कुमार की स्थिति सबसे अधिक गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज रेफर कर दिया है। वहीं, अन्य दोनों घायल मो. बिगरु और मो. करकु का इलाज उनके परिजन किसी निजी अस्पताल में करा रहे हैं, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी तेज थी कि सड़क पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल भेजा।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है और संबंधित वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि 14 नंबर सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद यातायात नियंत्रण की ठोस व्यवस्था नहीं की जा सकी है। इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा।













