



नवगछिया : गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय जन जन पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे संजीव कुमार सिंह उर्फ झाबो दा ने शुक्रवार को पुनः भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके आवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई।

संजीव कुमार सिंह उर्फ झाबो दा पहले भी भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य रहे हैं और पार्टी के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है। हालांकि, बीते कुछ चुनावों में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी चयन को लेकर असहमति के कारण उन्होंने पार्टी से अलग होकर निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ा था।

भाजपा में उनकी पुनः वापसी को कार्यकर्ताओं ने “घर वापसी” के रूप में देखा है। उनके पार्टी में शामिल होने से स्थानीय स्तर पर संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि झाबो दा हमेशा से पार्टी के सच्चे, ईमानदार और जमीनी कार्यकर्ता रहे हैं। उनके दोबारा भाजपा में लौटने से गोपालपुर क्षेत्र में पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।
















