


नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड के गोसाईंगांव एवं गोपालपुर डिमाहा पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे।
शिविर में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जमीन सीमांकन तथा मनरेगा योजनाओं में अनियमितता से संबंधित सामने आए। उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया।
शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना तथा विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करना था। अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर आपदा प्रबंधन विभाग के एडीएम कुंदन कुमार, मुख्यालय डीएसपी मनोज सुमन, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ), चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुधांशु कुमार, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने और समाधान की दिशा में पहल होने का अवसर मिला है।














