



नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड के जगदंबा कन्या मध्य विद्यालय गोपालपुर के प्रांगण में रसोइयों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण विभागीय आदेश एवं मध्यान्ह भोजन पदाधिकारी भागलपुर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व मध्यान्ह भोजन बीआरपी रंजीत मालाकार ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान रसोइयों को मध्यान्ह भोजन बनाने की सही विधि, भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के तरीके और साफ-सफाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने यह भी समझाया कि स्वच्छता और संतुलित आहार बच्चों के स्वास्थ्य के लिए कितने आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से रतन HP गैस, पूर्णिया से आए प्रशिक्षक सूरज कुमार ने रसोइयों को गैस सिलेंडर एवं चूल्हे के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने गैस लीक की स्थिति में किए जाने वाले बचाव कार्यों की जानकारी दी और रेगुलेटर व पाइप की समय-समय पर जांच की अनिवार्यता पर जोर दिया। साथ ही रसोइयों को गैस उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की व्यवहारिक जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षक संजय कुमार, रूपेश कुमार सिंह, युगेश कुमार, अनिल कुमार अनल, सुबोध चंद्र यादव, सुप्रभा भारती, नीतीश कुमार नयन सहित कई गणमान्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने रसोइयों को प्रशिक्षण को गंभीरता से अपनाने और इसे अपने दैनिक कार्य में लागू करने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से रसोइयों में उत्साह देखा गया और सभी ने यह संकल्प लिया कि वे बच्चों को पौष्टिक और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने में अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।














