




तीस वर्षों से जलजमाव व सड़क–नाली के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर लोग
भागलपुर जिला के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नवगछिया नगर परिषद के नयाटोला वार्ड संख्या 8 के तीन सौ से अधिक मतदाताओं ने इस बार विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार करने का एलान किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, नाली और जलजमाव की समस्या से पिछले तीन दशक से वे जूझ रहे हैं, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। शुक्रवार को वार्ड के सैकड़ों लोगों ने बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक सड़क और नाली नहीं बनेगी, तब तक मतदान नहीं करेंगे।
ग्रामीणों ने ‘काम नहीं तो वोट नहीं’ और ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा लगाते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों से सवाल किया कि आखिर कब तक वे नारकीय जीवन जीते रहेंगे।
ग्रामीण हरिलाल, मुन्नी खातून, शेख हसबुल, शेख इस्माइल, शेख सैनु, नरेश पंडित, शांतिभूषण कुमार, भीष्म सिंह, गुड़िया खातून, रविसा खातून, माला देवी, सुमन देवी, सागर प्रसाद सिंह, रविरंजन सहित अन्य लोगों ने बताया कि लगभग 40 वर्षों से 300 से अधिक आबादी यहां रहती है। लेकिन न सड़क बनी, न नाली। बरसात के मौसम में जुलाई से अक्टूबर तक चार फीट तक पानी जमा हो जाता है। लोग घरों में कैद होकर रह जाते हैं, बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और मरीजों को अस्पताल ले जाना बड़ी चुनौती बन जाता है। गर्भवती महिलाओं और वृद्ध मरीजों को तो कई बार कंधे पर उठाकर ले जाना पड़ा है।

मोहल्ले में लगे दो चापाकल भी लंबे समय से खराब पड़े हैं। पीने के पानी की भी भारी समस्या है। लोगों ने बताया कि मुख्यमंत्री सचिवालय, पीडब्ल्यूडी मंत्री, सांसद, विधायक, डीएम, एसडीओ, सीओ और नगर परिषद तक बार–बार आवेदन देकर समस्या समाधान की मांग की गई, लेकिन हर जगह से केवल आश्वासन मिला, काम अब तक नहीं हुआ।
विशेष बात यह है कि गोपालपुर के जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने भी पिछले वर्ष 24 जुलाई 2024 को जिला योजना पदाधिकारी भागलपुर को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत एनएच–31 बद्रीबाबू पेट्रोल पंप के पास से कुंजबिहारी बाबू के घर समीप रेलवे सड़क तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव दिया था। लेकिन पत्राचार और अनुशंसा के बावजूद अब तक सड़क नहीं बनी।
अब लोगों का सब्र टूट चुका है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक वोट भी नहीं देंगे।
इस संबंध में विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने कहा कि वे खुद नयाटोला वार्ड में जाकर लोगों से मिल चुके हैं और समस्या का संज्ञान लेकर जिला योजना पदाधिकारी को पत्र लिखा था। सड़क क्यों नहीं बनी इसकी जांच कराई जाएगी और हर संभव प्रयास किया जाएगा कि जल्द से जल्द सड़क और नाली का निर्माण हो, ताकि लोगों को राहत मिल सके।














