


नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के गैरिया चौक के समीप रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों की सहायता में लग गए। घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान खरीक निवासी जंगल यादव, पिता सुधीर प्रसाद यादव, तथा गैरिया निवासी बिल्टू यादव (45 वर्ष), पिता पूनाय यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बिल्टू यादव की स्थिति अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल मायागंज अस्पताल भेजा गया, जबकि दूसरे घायल को भी प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।















