



नवगछिया। आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए लागू आचार संहिता एवं परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज के निर्देशानुसार ज्ञान वाटिका विद्यालय, नवगछिया में आयोजित होने वाले लोकप्रिय कार्यक्रम ‘कौन बनेगा चैंपियन (केबीसी-2) हॉट सीट गेम’ की तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह कार्यक्रम 23 नवंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा।

आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम की नई तिथि स्वामी आगमानंद जी महाराज के मार्गदर्शन तथा आचार संहिता के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए तय की गई है, ताकि सभी प्रतिभागी और दर्शक बिना किसी असुविधा के कार्यक्रम में भाग ले सकें।
यह विशेष आयोजन सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन स्थल ज्ञान वाटिका को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भागीदारी की संभावना है।

‘कौन बनेगा चैंपियन (केबीसी-2)’ प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में ज्ञान, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करना है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और सामान्य ज्ञान प्रदर्शित करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।
आयोजक मंडल ने सभी प्रतिभागियों एवं दर्शकों से अपील की है कि वे 23 नवंबर को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दें।















