


नवगछिया । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इस्माइलपुर से जुड़ा एक कथित ऑडियो इन दिनों सामाजिक माध्यमों पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस ऑडियो को लेकर स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश रंजन कुमार और एक महिला स्वास्थ्य कर्मी के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में चिकित्सक पर आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए जा रहे हैं।
कथित रूप से इस बातचीत में महिला स्वास्थ्य कर्मी के प्रति अभद्र टिप्पणी किए जाने की बात सामने आ रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। ऑडियो के प्रसार के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
हालांकि, इस ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। विभागीय स्तर पर मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है।
इस संबंध में संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।













