



नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के नेवादा टोला जाने वाली सड़क पर 08 सितंबर को कैश कलेक्शन कर नवगछिया लौट रहे फेडरल बैंक के बांका मैनेजर को तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट लिया था। अपराधियों ने 43 हजार रुपये नकद, मोबाइल और वाहन का पंजीकरण प्रमाण पत्र छीन लिया था। इस मामले में इस्माईलपुर थाना कांड संख्या 168/25, दिनांक 08.09.25, धारा 309(6) आईपीसी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर एसडीपीओ और थानाध्यक्ष इस्माईलपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस की तकनीकी एवं मानव संसाधन आधारित कार्रवाई में शामिल अपराधी दिनेश कुमार उर्फ जयराम साह और अनिल कुमार पेठो उर्फ खेवर ठाकुर दोनों इस्माईलपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए। इनके पास से लूट में प्रयुक्त वाहन का पंजीकरण प्रमाण पत्र और 1300 रुपये नकद बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने घटना को स्वीकार किया है। इसके अलावा इन्होंने जुलाई माह में गोपालपुर थाना क्षेत्र में कैश कलेक्शन एजेंट से 70 हजार रुपये एवं टैब छीनने की घटना में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है।

गिरफ्तार अपराधी:
- दिनेश कुमार उर्फ जयराम साह, निवासी इस्माईलपुर थाना क्षेत्र, जिला भागलपुर।
- अनिल कुमार उर्फ खेवर ठाकुर, निवासी इस्माईलपुर थाना क्षेत्र, जिला भागलपुर।
बरामदगी:
- 1300 रुपये नकद
- वाहन का पंजीकरण प्रमाण पत्र

पुलिस टीम में उप-अनु निरीक्षक धीरज कुमार, इस्माईलपुर थाना के पुलिस बल, तकनीकी शाखा और डीआईयू की संयुक्त कार्रवाई शामिल रही।













