5
(1)

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र की बैठक, कई सड़क परियोजनाओं पर बनी सहमति

नवगछिया के जाह्नवी चौक से अगुवानी होते हुए पटना तक गंगा के उत्तरी तट पर प्रस्तावित सड़क निर्माण परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ बिहार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे।

पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने बताया कि बैठक के दौरान बिहार की कई राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई और उन्हें आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि गंगा के उत्तरी तट पर अगुवानी घाट से पटना तक सड़क निर्माण के प्रस्ताव को भी सकारात्मक रूप से लिया गया है, जिससे परियोजना को आगे बढ़ाने की उम्मीद बढ़ी है।

नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि बैठक में लगभग 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं को गति देने पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि यदि जाह्नवी चौक से अगुवानी होते हुए पटना तक गंगा तट सड़क परियोजना धरातल पर उतरती है, तो उत्तर बिहार की सड़क संपर्क व्यवस्था को ऐतिहासिक मजबूती मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।

पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और बिहार सरकार के समन्वित प्रयासों से राज्य में आधुनिक सड़क अवसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है। सरकार सुरक्षित, सुदृढ़ और बेहतर सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में पुलों की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इसी क्रम में बिहार के 400 से अधिक पुलों का तकनीकी सुरक्षा परीक्षण कराया जा रहा है। जांच के दौरान जहां भी तकनीकी खामियां मिलेंगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि मजबूत सड़क और पुल अवसंरचना राज्य के विकास की आधारशिला है तथा सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: