



भागलपुर के लोदीपुर थाना क्षेत्र के कोहड़ा सरमसपुर गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर पारिवारिक संबंधों को कलंकित कर दिया। यहां एक युवक ने अपने सगे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुजीत कुमार के रूप में हुई है, जो सोमवार सुबह अपने घर पर किसी काम में व्यस्त था।
इस दौरान, उसका सगा भाई सुमित कुमार वहां पहुंचा और अचानक चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल सुजीत को तुरंत भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, मृतक सुजीत के पास बाईपास के पास एक जमीन थी, जिसे लेकर उसका भाई सुमित लगातार उसे बेचने का दबाव बना रहा था। इसी कारण पिछले कई दिनों से दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था।
हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद, आरोपी भाई सुमित कुमार स्वयं लोदीपुर थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण करते हुए अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।














