



भागलपुर। सेना के शहीदों, वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं सैनिक विधवाओं के सम्मान में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, भागलपुर द्वारा ऐतिहासिक सैंडीस कंपाउंड में भव्य “शौर्य संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन के सहयोग से कर्नल संजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी, के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी थे।

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी एवं पूर्व सैनिकों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद जिलाधिकारी ने तिरंगा ध्वज फहराया। इस दौरान 47 बटालियन एनसीसी, भागलपुर की गर्ल्स कैडेट्स ने राष्ट्रगान के साथ झंडे को सलामी दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजीता कुमारी, ईसीएचएस भागलपुर के प्रभारी अधिकारी कर्नल जे. पी. एन. झा तथा स्पर्श प्रकोष्ठ के एएओ रमन सिन्हा ने अपने-अपने विभागों द्वारा भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए चलाई जा रही योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।

सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर कर्नल संजय कुमार ने जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के परिधान पर झंडा पिन लगाया। जिलाधिकारी ने वीर नारियों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया तथा राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कुछ नए कल्याणकारी कार्य जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया। जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने भी सैनिक विधवाओं को दुशाला भेंट किया।
“शौर्य संवाद” कार्यक्रम में कुल 11 वीर नारी, 53 सैनिक विधवाएँ और 95 भूतपूर्व सैनिक शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन ऑनरेरी कैप्टन सुनील कुमार राय ने किया।
वीर नारियों की सूची इस प्रकार है—
सीमा कुमारी, पत्नी शहीद गनर संजीत कुमार
सरिता देवी, पत्नी शहीद नायक संजय कुमार यादव
बेबी कुमारी, पत्नी शहीद सिपाही कुंदन कुमार
नीलम देवी, पत्नी शहीद हवलदार अरुण कुमार यादव
मणिकांत सिंह, पिता शहीद सिपाही ओम कुमार सिंह
चंदा देवी, पत्नी शहीद सिपाही शिवशंकर मंडल
मंजू देवी, पत्नी शहीद सिपाही राजनंदन पोद्दार
सोनी देवी, पत्नी शहीद सिपाही रणधीर कुमार
















