



बाढ़ के दौरान शहर में आए मवेशियों का दूध क्रय करने का दिया आदेश
भागलपुर । बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक प्रखंड में एक-एक सुधा मिल्क पार्लर (बूथ) बनाने की योजना के तहत तिलकामांझी स्थित जिला पशुपालन कार्यालय,भागलपुर के प्रांगण में निर्मित मिल्क पार्लर (बूथ) का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी के कर कमलों से फीता काटकर किया गया। इस मिल्क पार्लर (बूथ) में सुधा का दूध, दही, घी, पेरा, पनीर, रसगुल्ला, कलाकंद, लस्सी एवं सुधा के सभी तरह का मिल्क प्रोडक्ट उपलब्ध होगा।

इस संबंध में प्रबंध निदेशक सुधा डेयरी द्वारा बताया गया कि बिहार सरकार द्वारा प्रत्येक मिल्क पार्लर (बूथ) बनाने के लिए सात लाख पचास हजार रुपए कन्फेड पटना को उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने प्रबंध निदेशक सुधार डेरी को निर्देश दिया की बाढ़ के दौरान जितने भी मवेशी शहर में आये हैं, उनका दूध क्रय करें। जिलाधिकारी ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जो पशु बाढ़ के दौरान शहर में आए हैं उनके पशु पालक को पशु चारा उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर उन्होंने जिला पशुपालन कार्यालय का भी मुआयना किया तथा जिला पशुपालन पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पशुपालन पदाधिकारी, भागलपुर डॉ अंजली कुमारी एवं शिवेंद्र कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक सुधा डेयरी, भागलपुर उपस्थित थे।














