


जांच के लिए उच्चस्तरीय तकनीकी समिति गठित

भागलपुर से अंजनी कश्यप की रिपोर्ट
भागलपुर – एनटीपीसी कहलगांव के लैगून थ्री डी का बांध शनिवार सुबह करीब पांच बजे टूट गया, जिससे आसपास की सैकड़ों एकड़ जमीन में पानी फैल गया है. इससे खेतों में लगी फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान होने का अनुमान है.

लैगून थ्री ऐश डाइक के स्पिल वे के धसने और बांध टूटने से पानी ओवरफ्लो होकर लैगून में जमा हो गया. वहीं पानी ऐश डाइक के अलग बगल धनौरा पंचायत के चांय टोला, मजदाहा, कटोरिया, एकचारी, भोलसर व महेशामुंडा के खेतों में पानी फैल गया.

सूचना मिलने पर एनटीपीसी परियोजना के कार्यकारी निदेशक चंदन चक्रवर्ती, जीएम एचआर जॉन मथाई, जीएम ओ एंड एम अरिंदम सिन्हा ने मौके पर पहुंच कर हालत का जायजा लिया. एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि जांच के लिए उच्चस्तरीय तकनीकी समिति का गठन कर दिया गया है.

फिलहाल सुरक्षात्मक उपाय के तौर पर परियोजना की चार यूनिट बंद कर दिया गया है और प्रभावित स्थल पर टीम लगातार निगरानी कर रही है.

















