
महादेवपुर में भीषण कटाव से दहशत, घर और जमीन बचाने की चिंता में ग्रामीण
नवगछिया। भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर दियारा के महादेवपुर घाट के पास गंगा नदी का भीषण कटाव लगातार जारी है। कटाव के कारण इलाके में दहशत का माहौल है। इसी बीच कटाव निरोधी कार्य की निगरानी के दौरान एक मकान का हिस्सा गंगा नदी में समा गया। घटना के दौरान वहां मौजूद इंजीनियरों ने भागकर अपनी जान बचाई।

मिली जानकारी के अनुसार, बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी और इंजीनियर कटाव निरोधी कार्य की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान कटाव की चपेट में आया मकान का हिस्सा अचानक गंगा नदी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि वहां मौजूद इंजीनियर सुरक्षित बच निकले।
महादेवपुर में लगातार हो रहे कटाव से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को अपने घरों और जमीन के गंगा में समाने का डर सता रहा है। कटाव की गंभीर स्थिति के बीच लोगों की नजरें प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग के प्रयासों पर टिकी हैं।
अब देखना होगा कि गंगा के कटाव पर नियंत्रण पाने और प्रभावित इलाके को सुरक्षित रखने के लिए विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
















