



भागलपुर : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को खगड़िया जिले के मानसी थाना में तैनात दारोगा रोशन कुमार को निगरानी टीम ने ₹12 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, दारोगा रोशन कुमार ने एक ट्रैक्टर चालक ऋषि कुमार से फर्जी केस को मैनेज करने के नाम पर ₹12 हजार की मांग की थी। चालक ने दारोगा की इस हरकत से परेशान होकर निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी दारोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी दारोगा को भागलपुर निगरानी न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर आई।
इस संबंध में निगरानी विभाग के डीएसपी विद्यांचल प्रसाद ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा भ्रष्टाचार या रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।

















