


Sweety Kumari इन दिनों अररिया के रानीगंज थाना में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और मातृत्व के संतुलन को लेकर चर्चा में हैं। प्रशिक्षु महिला दारोगा स्वीटी कुमारी ने पुलिस सेवा की व्यस्त जिम्मेदारियों के बीच अपनी सात वर्षीय बेटी आरोही की पढ़ाई को भी प्राथमिकता देकर एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
रानीगंज थाना में ओडी (ऑफिसर ऑन ड्यूटी) की जिम्मेदारी निभाते हुए स्वीटी कुमारी फरियादियों की शिकायतें सुनने, डायरी संधारण और अन्य प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त रहती हैं। इसी बीच जब उन्हें कुछ समय मिला, तो उन्होंने अपनी बेटी Arohi Kumari को पास बैठाकर उसकी पढ़ाई कराई और कॉपियां भी जांचीं।
थाना परिसर से सामने आई यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे कामकाजी महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। उनका कहना है कि यह दृश्य दर्शाता है कि बेहतर समय प्रबंधन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर परिवार और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाया जा सकता है।
















