


नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार स्थित कृष्ण ज्वेलर्स में शनिवार तड़के चोरी का प्रयास विफल हो गया। दो अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे चोरी करने में सफल नहीं हो सके। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दोनों संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब तीन बजे दो अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। सुबह करीब छह बजे जब दुकान मालिक एवं बिहपुर निवासी कृष्णा पोद्दार दुकान पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शटर पर लगे तीनों ताले गायब थे और दोनों ओर के लॉक लोहे की रॉड से तोड़े गए थे। हालांकि, दुकान के अंदर लगे अतिरिक्त सुरक्षा लॉक एवं लॉकर के कारण चोर अंदर प्रवेश नहीं कर सके और घटना को अंजाम देने में असफल रहे।
पीड़ित दुकानदार ने भवानीपुर थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि पिछले माह भी मधुरापुर बाजार स्थित विपिन ज्वेलर्स में चोरी की घटना हुई थी। उस मामले में भवानीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि दुकानदार के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
















