



नवगछिया के नारायणपुर प्रखंड के सिंहपुर पश्चिम पंचायत अंतर्गत ग्राम गनौल के वार्ड संख्या 03 में महादलित समुदाय के लिए सामुदायिक भवन निर्माण की मांग को लेकर बिहपुर विधायक इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने जिला कल्याण पदाधिकारी को आवेदन प्रेषित किया है।
आवेदन में विधायक ने उल्लेख किया है कि महादलित टोला के समीप स्थित बिहार सरकार की जमीन, जिसका खाता संख्या 1772, खेसरा संख्या 808 एवं रकबा 10 डिसमिल है, उस पर सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति के लिए पहले ही अंचलाधिकारी द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया जा चुका है। साथ ही संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण भी किया गया है, इसके बावजूद अब तक भवन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है।

विधायक ने महादलित समुदाय के आवेदन को सहानुभूति पूर्वक जनहित में मानते हुए मांग की है कि उक्त सरकारी जमीन पर सरकारी योजना के अंतर्गत शीघ्र सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाए, जिससे इस समुदाय को सामूहिक कार्यक्रमों, बैठकों एवं अन्य सामाजिक कार्यों के लिए एक समुचित स्थान उपलब्ध हो सके।
















