5
(2)

नवगछिया: झंडापुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया झंडापुर निवासी एक महिला ने महिला थाना, नवगछिया में आवेदन देकर चार लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, छेड़खानी एवं नकदी लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आवेदन के अनुसार, रानी देवी ने बताया कि उनके पति विदेश में मजदूरी करते हैं। उनका आरोप है कि 29 जून की रात करीब 12 बजे गांव के मोहनी यादव, धीरज यादव, नीरज यादव एवं गुलशन यादव जबरन उनके घर में घुस आए।

महिला ने आरोप लगाया कि मोहनी यादव ने उनका हाथ पकड़कर खींचा, जबकि धीरज यादव ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जबरन आंगन में ले जाकर उनके कपड़े फाड़ दिए। वहीं, गुलशन यादव पर घर में रखे बक्से से 25 हजार रुपये निकाल लेने का आरोप लगाया गया है।

आवेदिका का यह भी आरोप है कि नीरज यादव ने धमकी देते हुए कहा कि उनके पति विदेश में कमाई करते हैं और रुपये नहीं देने का यही अंजाम होगा। महिला ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि इस तरह की घटना पहले भी दो-तीन बार हो चुकी है।

महिला का आरोप है कि घटना की सूचना झंडापुर थाना पुलिस को दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने महिला थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और आरोपितों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: