



नवगछिया। एनएच 31 स्थित मकंदपुर चौक पर शनिवार की संध्या एक एएनएम (सहायक नर्सिंग मिडवाइफ) बस की ठोकर से गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिला की पहचान यमुनिया स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC) में कार्यरत तुलसी कुमारी के रूप में हुई है। वह नवगछिया प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में आयोजित बैठक में शामिल होकर अपने घर भागलपुर के मोहद्दीनगर लौट रही थीं।

बताया जा रहा है कि तुलसी कुमारी शारीरिक रूप से पांव से विकलांग हैं। जैसे ही वे मकंदपुर चौक पर बस में चढ़ने की कोशिश कर रही थीं, उसी दौरान बस अचानक चल पड़ी। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ीं। गिरने के दौरान उनका बायां पांव बस के चक्के के पास आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके पांव में फ्रैक्चर हो गया।

मौके पर मौजूद एनएच कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज किया गया। वहीं अस्पताल में मौके पर नवगछिया पीएचसी प्रभारी डॉ० बी दास, हेल्थ मैनेजर सहित कई अन्य मौजूद थे ।














