
नवगछिया। जलकर विवाद को लेकर हुए मटरू शर्मा गोलीकांड का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। घटना के संबंध में ग्रामीणों की ओर से किए जा रहे दावों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों में अंतर सामने आने के बाद कई सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि विवाद के दौरान जमकर गोलीबारी हुई और 100 से अधिक राउंड गोलियां चलाई गईं। वहीं, पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की जांच के दौरान गोलीबारी से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला था। इस बीच घटना के दो दिन बाद इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ है, जिसमें पानी के बीच बांध पर गोली का एक खोखा पड़ा दिखाई दे रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार,आजमाबाद गांव के जय प्रकाश शर्मा, बुद्धदेव मंडल, प्रकाश मंडल सहित दो अन्य लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद के दौरान काफी देर तक गोलीबारी हुई थी। घटनास्थल पर गोली के खोखे देखे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इधर, मामले में प्रकाश शर्मा ने मटरू मंडल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मटरू मंडल के व्यवहार और गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका काम लोगों के बीच भय का माहौल बनाए रखना है। प्रकाश शर्मा के अनुसार, विवादित जमीन भगवती मंदिर की है, जिस पर मटरू मंडल अपना अधिकार जताना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर की जमीन को कथित रूप से बंधक रखकर बेटे और बेटी की शादी की गई है। हालांकि, जमीन के स्वामित्व और उससे जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की जांच में नहीं मिला गोलीबारी का साक्ष्य
मामले को लेकर नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर गोपालपुर थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार सिंह और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की आधिकारिक टीम पहुंची थी। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच की थी। इस दौरान गोलीबारी होने अथवा गोली के खोखे से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला था। पुलिस अधीक्षक के इस बयान के बाद ग्रामीणों के दावों और पुलिस की जांच के निष्कर्षों के बीच अंतर स्पष्ट रूप से सामने आया है।
विवादित जलकर पर धारा 144 लागू
पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि जलकर को लेकर जारी विवाद और संभावित तनाव को देखते हुए संबंधित जलकर पर धारा 144 लागू करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही मामले को आगे की कार्रवाई के लिए अनुमंडल पदाधिकारी के पास स्थानांतरित करने की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि विवाद को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
वायरल वीडियो ने खड़े किए नए सवाल
घटना के दो दिन बाद इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो ने पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। वीडियो में पानी के बीच बांध पर एक खोखा पड़ा दिखाई दे रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि ग्रामीणों द्वारा गोलीबारी के किए जा रहे दावों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों के बीच वास्तविक स्थिति क्या है? यदि घटनास्थल पर गोलीबारी के साक्ष्य नहीं मिले, तो वीडियो में दिखाई दे रहा खोखा कहां से आया? क्या विवाद के दौरान वास्तव में गोलीबारी हुई थी या वायरल वीडियो किसी अन्य परिस्थिति से जुड़ा है? फिलहाल इन सवालों का कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है। पूरे मामले में वायरल वीडियो की सत्यता और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।















