


नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर बैसी गांव में मुहर्रम के दौरान शनिवार को दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। घटना में छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 एवं रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, नवगछिया भेजा।
ग्रामीणों के अनुसार, किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना के दौरान 10 से 15 राउंड फायरिंग होने का भी दावा किया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है।
घायलों की पहचान गांव निवासी हारुण, मोहम्मद शोहराब (60), मोहम्मद कुद्दुस (62), मोहम्मद माको (70), मोहम्मद मीनू (47) एवं मोहम्मद ईसाक (15) के रूप में हुई है। सभी घायलों का अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।

घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है ताकि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
रंगरा थाना पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है तथा विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि जहांगीरपुर बैसी गांव में पुलिस कैंप कर रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि फायरिंग की सूचना मिली है, जिसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में यदि फायरिंग की पुष्टि होती है तो दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
















