



भागलपुर जिले के बाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरधरपुर गांव के पास एक हृदयविदारक हादसे में 35 वर्षीय महिला लाखों देवी की नदी की डाढ़ में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लाखों देवी किसी कार्यवश नदी किनारे गई थीं, जहां अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ कर पाते, तब तक वह पानी में समा चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पिता सुरेंद्र यादव ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से लाखों देवी को पानी से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।

परिजनों ने बताया कि लाखों देवी का जीवन पहले से ही कठिनाइयों से भरा था। उनके पति रामबालक यादव उनसे अलग रहते थे और किसी प्रकार का रोजगार नहीं करते थे। लाखों देवी ही तीनों बेटियों की देखभाल और पालन-पोषण कर रही थीं। अब उनके असमय निधन से तीन मासूम बच्चियां पूरी तरह बेसहारा हो गई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मृतका की बेटियों की उम्र अभी बहुत कम है और परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि इन बच्चियों की पढ़ाई, भोजन और देखभाल की जिम्मेदारी कौन उठाएगा।














