


चार निजी कंपनियों ने लिया साक्षात्कार, युवाओं को मिला रोजगार का अवसर
नवगछिया के नारायणपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित जेपी कॉलेज के समीप जीविका कार्यालय परिसर में शुक्रवार को रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी चार निजी कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं का साक्षात्कार लिया तथा उनकी योग्यता और क्षमता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की।
रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थी मेले में पहुंचे और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार में शामिल हुए। साक्षात्कार एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच-पड़ताल के बाद विभिन्न पदों के लिए कुल 30 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर रोजगार मिलने की खुशी साफ दिखाई दी। वहीं अन्य प्रतिभागियों ने भी ऐसे आयोजनों को युवाओं के लिए लाभदायक बताते हुए भविष्य में अधिक से अधिक रोजगार मेले आयोजित करने की मांग की।
इस अवसर पर जीविका के बीपीएम बीएन विहंगम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से जोड़ने के उद्देश्य से इस रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी युवाओं के लिए इस प्रकार के रोजगारपरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
मेले के सफल आयोजन में जीविका कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने अभ्यर्थियों को पंजीकरण से लेकर साक्षात्कार प्रक्रिया तक हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार पाने का अवसर मिला, जिससे उनमें उत्साह का माहौल देखा गया।
















