



नवगछिया थाना क्षेत्र में नवगछिया बस स्टैंड के समीप मंगलवार रात करीब 12 बजे खगरिया जिले के एक युवक के साथ स्थानीय असामाजिक तत्वों ने लप्पड़-थप्पड़ से मारपीट की और नकदी एवं सोने की चेन छिनने की घटना को अंजाम दिया।

पीड़ित, खगरिया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर निवासी छोटू कुमार, पिता बलवीर यादव ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आवेदन में बताया गया कि वह नशामुक्ति केंद्र, नवगछिया के मालिक कृष्णा शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर कुछ दोस्तों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
रात्री करीब 12 बजे कार्यक्रम स्थल से बाहर जाने के दौरान, जब वह लघुशंका के लिए सड़क पर गए, तब नवगछिया थाना क्षेत्र के नीरपुर निवासी लड्डू कुमार, पिता बसंत शर्मा एवं लगभग 10 अज्ञात व्यक्तियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इसके दौरान उन्होंने पीड़ित को चार पहिया वाहन में जबरन बैठाने का प्रयास भी किया। हल्ला सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिससे पीड़ित की जान बची।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान अपराधियों ने पीड़ित के गले से 2 भरे सोने की चेन और 15,000 रुपये नकद छीन लिए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस तत्काल गश्ती के लिए घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
इस संबंध में नवगछिया थाना के थानाध्यक्ष पुनि रविशंकर सिंह से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने घटना की पुष्टि सुनते ही फोन बंद कर दिया। फिलहाल मामला दर्ज होने के बाद पुलिस घटना की गहन छानबीन कर रही है और आरोपियों की खोज में जुटी हुई है।














