


नाथनगर को मिलेगी नई पहचान: कर्णगढ़ मार्ग पर बनेगा भव्य ‘कर्ण द्वार’, श्रद्धालुओं के लिए शौचालय निर्माण भी जल्द
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। नाथनगर के ऐतिहासिक कर्णगढ़ और प्रसिद्ध प्राचीन मानसकामना नाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही नई सौगात मिलने वाली है। मंदिर मार्ग की शुरुआत में एक भव्य ‘कर्ण द्वार’ का निर्माण कराया जाएगा। इसकी घोषणा नाथनगर के पार्षद मनोज पासवान ने नागरिकों की बैठक में की।
यह बैठक दानवीर कर्ण वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा भागलपुर नगर निगम की मेयर वसुंधरा लाल के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए आयोजित की गई थी। मेयर ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत कर्णगढ़ स्थित मंदिर परिसर के पास वर्षों से लंबित शौचालय निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया है।
बैठक में बताया गया कि मानसकामना नाथ मंदिर में वर्षभर धार्मिक पर्व, मेले और विभिन्न आयोजनों के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन उनकी सुविधा के लिए अब तक एक भी सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध नहीं था। पहले कर्णगढ़ परिसर में मौजूद शौचालय पर सीटीएस के कब्जे के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थिति की जानकारी मिलते ही मेयर वसुंधरा लाल ने पार्षद मनोज पासवान को निर्देश दिया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत जल्द से जल्द नया शौचालय बनवाया जाए, ताकि आगामी श्रावण महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में मौजूद नागरिकों ने मेयर की पहल का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि कर्णगढ़ और मानसकामना नाथ मंदिर के विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। वहीं, कर्णगढ़ मार्ग पर बनने वाले प्रस्तावित भव्य कर्ण द्वार को क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला कदम बताया गया।
बैठक में दानवीर कर्ण वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव प्रमोद सिन्हा, वरिष्ठ पत्रकार प्रसून लतांत, देवराज, दिनेश साह, लखन खटीक, परमानंद यादव सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

















