



भागलपुर के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बुधवार को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, लेबर रूम और पीएचसी की विस्तृत समीक्षा की और अस्पताल संचालन में सुधार के लिए उपस्थित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि अस्पताल के पुराने भवन को जल्द ही तोड़कर नया भवन बनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने भवन से सभी आवश्यक सामग्री को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की तैयारी की जाए और इसके लिए व्यवस्थित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

डॉक्टरों और कर्मियों की कमी को गंभीर समस्या बताते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि अस्पताल में स्टाफ की कमी है। इस संबंध में विभाग और सरकार को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं और जल्द ही स्थिति में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। सिविल सर्जन ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई एजेंसी को तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय उपाधीक्षक डॉ. पिंकेश कुमार, पीएचसी प्रभारी डॉ. बी. दास और कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित थे।















