5
(1)


नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के ज्ञानी दास टोला में शनिवार  को गंगा नदी में डूबने से एक नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी (9) के रूप में हुई है। वह पिंकू शाह और ललिता देवी की पुत्री थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी कुमारी अन्य बच्चों एवं ग्रामीणों के साथ गंगा नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान वह अनजाने में गहरे पानी की ओर चली गई और डूबने लगी।

नदी में बच्ची को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास कर उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। काफी कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जाता है कि लक्ष्मी कुमारी का परिवार गंगा कटाव से प्रभावित परिवारों में शामिल है और आर्थिक कठिनाइयों के बीच जीवन यापन कर रहा है। परिवार में माता-पिता के अलावा दो बहन और दो भाई हैं। बच्ची की असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां ललिता देवी व अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लक्ष्मी बेहद चंचल और मिलनसार स्वभाव की थी। उसकी मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

घटना के बाद ग्रामीणों ने नदी किनारे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ जाता है, ऐसे में बच्चों को अकेले नदी में नहाने से रोकना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: