


दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
नवगछिया। नवगछिया थाना पुलिस ने आरबीएल बैंक की शाखा में 1.31 लाख रुपये से अधिक के गबन के मामले में एक आरोपित को अररिया जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के सुवलधा मझुआ निवासी मु. हारिश के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, आरबीएल फिनसर्व लिमिटेड की नवगछिया शाखा में 1,31,143 रुपये के गबन का मामला सामने आया था। इस संबंध में शाखा के एरिया मैनेजर ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि मु. हारिश एवं मिथुन कुमार कापरी नवगछिया शाखा में लोन मैनेजर के पद पर कार्यरत रहते हुए कुल 1,31,143 रुपये का गबन किया था।
मामला दर्ज होने के बाद नवगछिया थाना पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस को कांड में आरोपित मु. हारिश की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके ठिकाने का पता लगाकर अररिया जिले स्थित उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित को नवगछिया थाना लाकर मामले में आवश्यक पूछताछ एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं, मामले में नामजद दूसरे आरोपित मिथुन कुमार कापरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गबन से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
















