5
(1)

नवगछिया । नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पकरा चौक के समीप एनएच-31 पर सोमवार को सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पुलिस और नवगछिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपाकर निवासी मो इमरान, पिता मो नब्बी, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई। इमरान ठेकेदारी का काम करते थे और परिवार का भरण-पोषण संभाल रहे थे। बताया गया है कि वह हादसे के समय बाइक से अपने कार्यस्थल के लिए जा रहे थे।

साक्ष्यों के अनुसार, नवगछिया की ओर से जीरोमाइल की ओर जा रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। धक्का लगते ही बाइक सवार सड़क पर लहूलुहान होकर तड़पने लगा। वाहन चालक हादसे के बाद जीरोमाइल नवगछिया की ओर तेज गति से भाग गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। मृतक दो भाईयों में छोटे थे और परिवार में उनकी पत्नी, दो पुत्र एवं चार पुत्रियां हैं। दो पुत्रियां अविवाहित हैं। मृतक की मौत से परिवार में शोक की लहर है।

नवगछिया यातायात थानाध्यक्ष सुजीत वारसी ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हुई। अनुमंडल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की ओर से अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध आवेदन पर केस दर्ज किया गया है और वाहन चालक की तलाश जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: