
22 से 28 नवंबर तक चलेगा अभियान, पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को दवा पिलाने की अपील
नवगछिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नवगछिया में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नवजात शिशु को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 22 से 28 नवंबर 2026 तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की गई है।

अभियान का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बुचकुन दास और पार्षद प्रतिनिधि मुकेश राणा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रखंड सामुदायिक समन्वयक (बीसीएम) सुमित कुमार चौधरी, आईएफएम के कुमार गौरव और पीसीआई के सुनील कुमार उपस्थित रहे।
इस मौके पर स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए अभियान में सभी परिवारों की भागीदारी जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को जागरूक करते हुए संदेश दिया गया कि पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को निर्धारित अभियान के दौरान खुराक जरूर पिलाएं। दो बूंद जिंदगी की, पोलियो पर जीत पक्की।















