5
(1)

15 दिनों में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

नवगछिया । आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष भाई राजेंद्र यादव ने नवगछिया रेलवे स्टेशन से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नवगछिया स्टेशन के पूर्वी रेलवे गेट को पुनः चालू करने, पश्चिमी हिस्से में अंडरपास निर्माण कराने तथा यात्रियों एवं स्थानीय लोगों की सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान भाई राजेंद्र यादव ने कहा कि नवगछिया रेलवे स्टेशन का पूर्वी रेलवे गेट संख्या-11 बंद कर दिए जाने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस रेलवे गेट के आसपास उपकारा (जेल), महिला महाविद्यालय, थाना, न्यायालय, उच्च विद्यालय, बाजार तथा घनी आबादी वाले कई मोहल्ले स्थित हैं। ऐसे में गेट बंद होने से छात्रों, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

उन्होंने रेलवे प्रशासन के समक्ष बेगूसराय स्टेशन का उदाहरण रखते हुए कहा कि बेगूसराय रेलवे स्टेशन के दोनों ओर रोड ओवरब्रिज बनने के बावजूद वहां के रेलवे फाटक आज भी पूर्ववत संचालित हैं। जबकि नवगछिया में एकमात्र पूर्वी गेट पर ओवरब्रिज बनने के बाद रेलवे गेट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। उन्होंने इसे नवगछिया के लोगों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया बताया।

राजेंद्र यादव ने कहा कि नवगछिया और बेगूसराय दोनों ही सोनपुर रेल मंडल के अंतर्गत आते हैं। ऐसे में एक स्थान पर रेलवे फाटक चालू रखना और दूसरे स्थान पर बंद कर देना स्थानीय लोगों की समझ से परे है। उन्होंने मांग की कि नवगछिया पूर्वी रेलवे गेट को अविलंब खोला जाए तथा स्टेशन के पश्चिमी भाग में लोगों की सुविधा के लिए अंडरपास सड़क का निर्माण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन को स्थानीय जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। यदि अगले 15 दिनों के भीतर रेलवे प्रशासन द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आजाद हिंद मोर्चा नवगछिया रेलवे स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू करेगा।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन तथा राज्य और केंद्र सरकार की होगी।

ज्ञापन के माध्यम से आजाद हिंद मोर्चा ने नवगछिया क्षेत्र की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुविधाओं के विस्तार एवं आवागमन की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: