


नवगछिया। नॉर्थ बिहार क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में नवगछिया टी-10 क्रिकेट लीग (यूथ सॉफ्टबॉल क्रिकेट) का आयोजन राजेंद्र कॉलोनी मैदान, नवगछिया में किया जाएगा। प्रतियोगिता में केवल नवगछिया क्षेत्र के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अनंत विक्रम ने बताया कि लीग में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है। खिलाड़ियों का ट्रायल पूरी तरह निःशुल्क होगा। हालांकि ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।
एकेडमी के निदेशक सह मुख्य प्रशिक्षक घनश्याम प्रसाद ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया जाएगा। ट्रायल के दौरान प्रतिभागियों का क्रिकेट कौशल के साथ-साथ शारीरिक दक्षता (फिजिकल फिटनेस) का भी परीक्षण किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लीग का मैच फिक्सचर जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य नवगछिया के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना तथा उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। लीग के माध्यम से क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रतियोगिता के लिए चयन समिति का गठन भी कर दिया गया है। समिति में सरोज झा, अशोक सिंह, राजेश कुमार ‘राजू’, मुकेश सिंह, प्रमोद शर्मा, अमित पांडे तथा रवींद्र भगत उर्फ बंटी को शामिल किया गया है। समिति ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों का मूल्यांकन कर अंतिम टीमों का चयन करेगी।
आयोजन समिति ने नवगछिया के सभी इच्छुक युवा खिलाड़ियों से समय पर आवेदन कर ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।















