5
(4)

जेसीबी का काम देखने जा रहे थे अमरनाथ ठाकुर

नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के शांति बिहार के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मदरौनी पंचायत के कुमादपुर निवासी राधेनाथ ठाकुर के पुत्र अमरनाथ ठाकुर के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरनाथ ठाकुर अपने जेसीबी मशीन से चल रहे मिट्टी भराई कार्य का हिसाब-किताब देखने के लिए मदरौनी चौक जा रहे थे। बताया जाता है कि मदरौनी चौक के समीप उनके जेसीबी से सड़क किनारे मिट्टी भराई का कार्य कराया जा रहा था। इसी सिलसिले में वह मोटरसाइकिल से वहां जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ डीजल रखने का एक डिब्बा भी था।

इसी दौरान शांति बिहार के पास एनएच-31 पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि अमरनाथ ठाकुर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने तत्काल रंगरा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को लेकर रंगरा सीएचसी पहुंची जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया । इसके बाद परिजन सब को लेकर अपने पैतृक घर कुमादपुर लेकर चले गए ।

पुलिस ने बताया कि गुरुवार को सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा जाएगा । पुलिस फरार हाइवा चालक और वाहन की पहचान में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।

मृतक अपने पीछे एक पुत्र वैभव और एक पुत्री खुशी छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि अमरनाथ ठाकुर बेहद मिलनसार, मेहनती और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

इधर, स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित जांच अभियान और सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: