



नवगछिया के कोसी पार कदवा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम करीब 4:30 बजे दो युवकों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया। अपहरण के तुरंत बाद अपराधियों ने पीड़ित युवकों के मोबाइल पर कॉल कर धमकी दी और फिरौती की मांग शुरू कर दी। घटना की जानकारी घटनास्थल पर मौजूद उनके एक साथी ने तत्काल कदवा थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कदवा थाना पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में एसएसटी, तकनीकी सेल और डीआईयू की टीम को शामिल किया गया। टीम ने तत्काल तकनीकी अनुसंधान शुरू किया और लोकेशन ट्रैक कर अपराधियों के ठिकाने की पहचान की।
पुलिस की तेज कार्रवाई का परिणाम यह हुआ कि कुछ ही घंटों के भीतर दोनों अपहृत युवकों को अपराधियों के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया गया। घटनास्थल के पास उपयोग में लाई गई एक मोटरसाइकिल को भी नवीनगर–पूनामा नवगछिया पुलिस जिला सीमा के समीप से जब्त किया गया।

प्राथमिक जांच से यह बात सामने आई कि अपहरण की साजिश पीड़ित युवकों के एक परिचित ने रची थी। उसने बिजली बिल का पैसा लेने के बहाने दोनों को बुलाया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया, जहां पहले से तैयार अपराधियों ने दोनों का अपहरण कर लिया। इसके बाद परिवार से फिरौती मांगी जाने लगी।
नवगछिया साइबर डीएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस घटना में शामिल सभी अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहरण जैसी गंभीर वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में राहत का माहौल है।
















