0
(0)

पूर्णिया। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण संभावित एलपीजी ईंधन संकट को देखते हुए जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा हेतु बुधवार को महानंदा सभागार में क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव सह पूर्णिया जिला प्रभारी सचिव संतोष कुमार मल्ल ने की।

बैठक से पूर्व जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने प्रभारी सचिव का पौधा भेंट कर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार जिले में प्रतिदिन एचपीसीएल एजेंसी में 4507 सिलेंडर की मांग के विरुद्ध 3571 डिलीवरी हो रही है तथा 8895 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। वहीं इंडेन, भारत गैस एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 71 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। जिले में कुल 7,36,928 घरेलू एवं 3,667 व्यावसायिक उपभोक्ता हैं।

बैठक में बताया गया कि बियाडा स्थित एचपीसीएल बॉटलिंग प्लांट से 18 जिलों के करीब 2.9 लाख उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जा रही है तथा प्रतिदिन लगभग 37,800 एलपीजी सिलेंडर विभिन्न जिलों को भेजे जा रहे हैं।

सिलिका इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड प्लांट से भी जिले की नौ गैस एजेंसियों को गैस आपूर्ति की जा रही है।

एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है, जिसके दूरभाष नंबर 06454-242317, 242319 एवं 242320 जारी किए गए हैं। गैस वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एवं विधि व्यवस्था की समस्या को देखते हुए 17 गैस एजेंसियों एवं दो बॉटलिंग प्लांटों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में जीविका दीदी की आठ रसोइयों तथा 14 आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों को नियमित रूप से गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही उर्वरक कालाबाजारी रोकने के लिए अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक 2581 छापेमारी की गई है तथा जिले में यूरिया की उपलब्धता आवश्यकता से 40 प्रतिशत अधिक है।

समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने जिला प्रशासन की तैयारियों और एलपीजी क्राइसिस मैनेजमेंट व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे संतोषजनक बताया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा अनावश्यक घबराहट से बचने की अपील की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सहित अपर समाहर्ता एवं विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: