


नवगछिया। पटना हाईकोर्ट के निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुनील दत्त मिश्रा ने शुक्रवार को नवगछिया व्यवहार न्यायालय का निरीक्षण किया। उनके आगमन को लेकर न्यायालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायमूर्ति मिश्रा के न्यायालय पहुंचने पर न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों ने उनका स्वागत किया तथा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
इसके बाद न्यायमूर्ति मिश्रा ने न्यायालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय भवन, विभिन्न न्यायालय कक्षों, रिकॉर्ड रूम, अधिवक्ता कक्ष, प्रतीक्षालय तथा आम लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षी न्यायाधीश ने न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन, न्यायिक कार्यों की प्रगति तथा आधारभूत संरचनाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मामलों के त्वरित निष्पादन, न्यायालय की कार्यप्रणाली एवं न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति सुनील दत्त मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संदेश को बढ़ावा देते हुए न्यायालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपांकर पांडे, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम मु. अफजल आलम, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय नीतू कुमारी, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम अभिषेक आनंद, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी तृतीय दीपक कुमार, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी आशिष चंद्रा, मुंसिफ अर्पिता सिन्हा सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर बार एसोसिएशन नवगछिया के अध्यक्ष सुरेंद्र नारायण मिश्र, महासचिव अजीत कुमार, संयुक्त सचिव कृष्ण कुमार आजाद, पूर्व महासचिव जय नारायण यादव, रजनीश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता नंदलाल यादव ने किया।
















