



नवगछिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, नवगछिया इकाई ने शनिवार को मदन अहिल्या महिला कॉलेज के प्राचार्य को पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर कॉलेज अध्यक्ष दीक्षा मिश्रा के नेतृत्व में ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से मदन अहिल्या महिला कॉलेज में विज्ञान और कला संकाय के सभी प्रमुख विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू की जाए। राष्ट्रीय कला मंच प्रांत संयोजक विश्वास वैभव ने बताया कि यह मांग पिछले कई वर्षों से लगातार उठाई जा रही है। इसके लिए पहले भी आंदोलन और अनशन किए जा चुके हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आश्वासन भी दिया था और पिछले वर्ष सिंडिकेट की बैठक में कुछ विषयों में पीजी पाठ्यक्रम की मंजूरी भी मिल गई थी, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

कॉलेज अध्यक्ष दीक्षा मिश्रा ने कहा कि पीजी पाठ्यक्रम न होने के कारण स्नातक स्तर की छात्राओं को आगे पढ़ाई छोड़नी पड़ती है या उन्हें विश्वविद्यालय जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। उन्होंने कहा कि यह विषय बहुत गंभीर है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है।
कॉलेज सह मंत्री तन्नू भारद्वाज ने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थी परिषद की मांग पर कोई उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो परिषद चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होगी।

ज्ञापन सौंपने के अवसर पर राष्ट्रीय कला मंच प्रांत संयोजक विश्वास वैभव, कॉलेज अध्यक्ष दीक्षा मिश्रा, कॉलेज सह मंत्री तन्नू भारद्वाज के साथ सुप्रिया, गुड़िया, साक्षी, प्रज्ञा, अनुराधा, खुशी, दिव्या, वंदना, रचना, लक्ष्मी, कशिश, संगम सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।













