



भागलपुर: पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र में 8 सितंबर को आयोजित होने वाले एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी को लेकर रविवार को मथुरापुर पंचायत भवन में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष बिपिन बिहारी सिंह ने की जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने किया।
बैठक की शुरुआत अतिथियों को अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर स्वागत से हुई। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष सुभाष, पीरपैंती विधायक ललन कुमार पासवान, पूर्व विधायक अमन कुमार, विधानसभा प्रभारी राजेश जैन, जदयू महिला जिलाध्यक्ष सोनी देवी, नीतू चौबे, संगठन के मनीष दास समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहा कि यह सम्मेलन एनडीए की मजबूती और एकजुटता का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि हर बूथ से कम से कम 20 कार्यकर्ताओं को सम्मेलन में शामिल किया जाए। साथ ही बताया कि प्रभात फेरी के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों को भी सम्मेलन तक लाने का प्रयास होगा।
जदयू जिलाध्यक्ष बिपिन बिहारी सिंह ने कहा कि सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित करना चाहिए और पूरे नगर को पार्टी के झंडों से सजाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पीरपैंती में जिला स्तर का पहला बड़ा कार्यक्रम होगा, जो प्रदेश स्तर तक अपनी छाप छोड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।

पीरपैंती विधायक ललन कुमार पासवान ने बताया कि शिवनारायणपुर हाई स्कूल मैदान में होने वाला यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा की तरह ऐतिहासिक साबित होगा। इसके लिए 20 हजार स्क्वायर फीट का वाटरप्रूफ टेंट लगाया जाएगा। साथ ही सात हजार से अधिक लोगों के बैठने और भोजन की व्यवस्था होगी। दूर-दराज से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए निजी ऑटो और बसों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
पूर्व विधायक अमन कुमार पासवान ने कहा कि सम्मेलन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए उनकी पूरी टीम विधायक के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि आसपास के कम से कम दस पंचायतों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही अपील की कि सम्मेलन की जानकारी माइकिंग के माध्यम से हर घर तक पहुंचाई जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।
बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह सम्मेलन न केवल स्थानीय बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक यह संदेश देगा कि पीरपैंती में एनडीए कार्यकर्ताओं ने इतिहास रचा है।














