



भागलपुर जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पीथना गांव में शनिवार देर रात पुआल की टाल में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना पीथना गांव निवासी मो. शमीम के खेत में रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पुआल में आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

आग लगते ही देखते-देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया और खेत में रखी तीन बड़ी पुआल की टालें इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पुआल सूखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और स्थिति काबू से बाहर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोराडीह थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी गई। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग पर नियंत्रण पाने के लिए तीन बड़ी और दो छोटी दमकल गाड़ियों को लगाया गया। इसके बावजूद लगभग 10 घंटे लग गए ।

लगातार पानी डालने के बावजूद पुआल के भीतर तक सुलगती आग दमकल कर्मियों के लिए बड़ी चुनौती बनी रही।
पीड़ित किसान मो. शमीम ने बताया कि उन्होंने धान की कटाई के बाद पुआल को पशुओं के चारे के लिए इकट्ठा कर बड़ी टाल के रूप में रखा था। उन्होंने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगाई है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग से उनका पूरा पुआल जलकर राख हो गया है, जिससे अब पशुओं के चारे की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।














