


गोराडीह के बिशनपुर जिच्छो एवं नाथनगर के गोसाई दासपुर पंचायत में किया निरीक्षण
भागलपुर । बिहार सरकार के जन-शिकायत निवारण अभियान के तहत गोराडीह प्रखंड के बिशनपुर जिच्छो पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव सह भागलपुर के प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी।

प्रभारी सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सहयोग शिविरों की प्रगति और शिकायतों के निष्पादन की स्थिति की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है तथा अनावश्यक विलंब के प्रति सरकार पूरी तरह गंभीर है।
उन्होंने बताया कि नागरिक सहयोग पोर्टल एवं हेल्पलाइन 1100 के माध्यम से घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने लोगों से डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। साथ ही भागलपुर जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व में आयोजित शिविरों में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का निस्तारण निर्धारित अवधि से पहले, मात्र सात दिनों के भीतर कर दिया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर से पूर्व ही आवेदन प्राप्त करने और उनके निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। उन्होंने बताया कि बिशनपुर जिच्छो पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 48 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 14 का तत्काल निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 34 मामलों पर कार्रवाई जारी है। अगले पांच से छह दिनों में सभी मामलों का समाधान कर दिए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश ने सहयोग शिविर को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान उनके गांव और पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा शिकायतों के त्वरित निष्पादन की सराहना की।
इस अवसर पर प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने अमरजीत कुमार, नीरज यादव, अशोक पासवान, स्वीटी कुमारी एवं अनीता देवी सहित कई लाभार्थियों को जॉब कार्ड प्रदान किए। विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में विधायक शुभानंद मुकेश, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नरेंद्र कुमार गुप्ता, जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इसके बाद प्रभारी सचिव ने नाथनगर प्रखंड के गोसाई दासपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और शिकायत निस्तारण की समीक्षा की।














